छिपकली से सम्बन्धित शकुन-अपशकुन

ज्‍योतिष

छिपकलियॉं दो प्रकार की होती हैं एक तो वह जो घरों में पायी जाती हैं और दूसरी वह जो बगीचों में पायी जाती हैं| इन्हें ‘गिरगिट’ कहते हैं| सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को लाल रंग की छिपकली से अपशकुन कम हानिकारक होते हैं और रविवार तथा मंगलवार को लाल रंग की छिपकली और शनिवार को काले रंग की छिपकली से अपशकुन कम हानिकारक होते हैं| कभी-कभी यह छिपकली छत अथवा दीवार से लोगों के शरीर पर गिर जाती है| शरीर के जिस भाग पर छिपकली गिरे, उसी के अनुसार शकुन का निर्णय किया जाता है|
1. स्त्रियों के लिए यदि छिपकली शरीर के बायें भाग पर अथवा ऐसे भाग पर जहॉं बाल नहीं हों, गिरे तो शुभ मानते हैं| पुरुषों के लिए छिपकली का दाहिने भाग पर गिरना शुभ होता है|
2. यदि छिपकली शरीर पर गिरे और नीचे उतर जाए, तो उसको अशुभ मानना चाहिए| यदि छिपकली नीचे से शरीर के ऊपर चढ़े, तो पहले अशुभ फल प्राप्त होते हैं और उसके बाद शुभ फल प्राप्त होते हैं|
3. छिपकली का ‘कर्र-कर्र’ का स्वर जिस दिशा में सुनाई देता है, उसी के अनुसार फल प्राप्त होता है|
4. छिपकलियों द्वारा कोई अपशकुन हो, तो तुरन्त स्नान करके किसी मन्दिर में प्रार्थना करने से फल की अशुभता शान्त होती है|
5. बालों का जहॉं अन्त होता है, वहॉं छिपकली गिरे, तो मृत्यु की संभावना होती है|
6. सिर के मध्य भाग पर छिपकली गिरने से स्वास्थ्य गिरता है|
7. छिपकली यदि दाहिनी कनपटी पर गिरे, तो भाइयों पर मुसीबत आती है| सिर पर गिरे तो दुर्भाग्य प्राप्त होता है और सिर के सामने के भाग पर गिरे तो धन की हानि होती है|
8. यदि छिपकली मस्तक पर गिरे, तो सम्बन्धियों का आगमन होता है और मान-सम्मान प्राप्त होता है|
9. यदि छिपकली किसी स्त्री के गाल पर गिरे, तो वह दूसरों द्वारा विश्‍वासघात का शिकार होती है| यदि वह पुरुष के गालों पर गिरे, तो उसको शुभोत्सव मनाने का अवसर प्राप्त होता है| स्त्री के कपाल के बायें भाग पर छिपकली का गिरना अशुभ होता है|
10. दाहिनी आँख अथवा नाक पर छिपकली गिरने से मुसीबत आती है और स्वास्थ्य बिगड़ जाता है| बायीं आँख पर छिपकली का गिरना शुभ होता है|
11. सिर पर मॉंग निकलने वाले स्थान पर यदि छिपकली गिरे तो मामा को दुर्भाग्य के दिन देखने पड़ते हैं|
12. स्त्रियों के लिए छिपकली का बालों में गिरना अशुभ होता है| यदि छिपकली बालों के जूड़े पर गिरे, तो पति और पिता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है|
13. नाक की नोंक पर छिपकली का गिरना अशुभ होता है और नाक के मध्य पर गिरने से घर में शुभ कार्य होते हैं|
14. स्त्री के मस्तक पर छिपकली गिरने से धन का लाभ होता है| दायें कान पर छिपकली गिरना शुभ और बायें कान पर गिरना हानिकारक होता है|
15. पुरुषों के दायें कान पर गिरना शुभ होता है और बायें कान पर गिरना अशुभ होता है|
16. पुरुषों की मूँछों पर छिपकली गिरने से धन लाभ होता है| ऊपर वाले होंठ पर अगर छिपकली गिरे, तो स्वादिष्ट भोजन की प्राप्ति होती है|
17. जीभ पर छिपकली गिरे (जो असंभव है), तो परीक्षाओं में सफलता और विशिष्टता प्राप्त होती है| यदि दॉंतों पर छिपकली गिरे, तो सम्पत्ति की हानि होती है|
18. दाहिने गाल पर छिपकली गिरे, तो भोग-विलास प्राप्त होता है| बायें गाल पर यदि छिपकली गिरे तो स्वास्थ्य में विकार उत्पन्न होता है|
19. गर्दन के बायें भाग पर अगर छिपकली गिरे, तो मान-सम्मान प्राप्त होता है और गर्दन के बीच में गिरे, तो शत्रु पराजित होते हैं|
20. बायें कन्धे पर अगर छिपकली गिरे, तो स्वास्थ्य खराब होता है| यदि दायें कन्धे पर छिपकली गिरे, तो सफलता प्राप्त होती है| बगल में छिपकली गिरे, तो पीड़ा होती है| पीठ की हड्डी पर अगर छिपकली गिरे तो शत्रुओं से क्लेश होता है|
21. छिपकली यदि पेट पर गिरे, तो भाई और बहिनों को कष्ट होता है| नाभि पर यदि छिपकली गिरे तो सौभाग्य में वृद्धि होती है| यदि छाती पर गिरे, तो सुख प्राप्त होता है और घर में शुभोत्सव होता है|
22. स्त्री के बायें स्तन पर यदि छिपकली गिरे, तो वह शीघ्र गर्भवती होती है| दायें स्तन पर यदि छिपकली गिरे, तो उसे सुन्दर भेंट मिलती है| स्तनों के निपिल पर यदि छिपकली गिरे, तो सौभाग्य में वृद्धि होती है|
23. छिपकली यदि बायीं भुजा पर गिरे, तो सौभाग्य और दाहिनी भुजा पर गिरे, तो हानि प्राप्त होती है|
24. छिपकली का दाहिनी हथेली पर गिरना सौभाग्यसूचक और बायीं हथेली पर गिरना हानिकारक होता है|
25. छिपकली का दाहिने नितम्ब और गुदा पर गिरना शुभ होता है| दाहिनी जॉंघ पर गिरना अशुभ होता है|
26. छिपकली का मूत्रेन्द्रिय पर गिरना बहुत अशुभ होता है| इससे परिवार में कलह होती है|
27. फोतों पर छिपकली गिरे, तो घर छोड़कर जाना पड़ता है|
28. बायें घुटने पर छिपकली गिरे, तो धन, सम्पत्ति और वाहन की प्राप्ति होती है| दाहिने घुटने पर गिरने से कष्ट होता है|
29. बायें पैर पर छिपकली गिरने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और दाहिने पैर पर गिरने से सुख प्राप्त होता है|
30. बायें पैर के पंजे पर छिपकली के गिरने से धन की प्राप्ति होती है| नाखूनों पर गिरने से झगड़े होते हैं|
गिरगिट से सम्बन्धित शकुन
1. गिरगिट के नाक पर गिरने से रोग से मुक्ति प्राप्त होती है| छाती पर गिरने से दावत का निमन्त्रण मिलता है|
2. कन्धे पर गिरगिट के चलने से वस्त्राभूषण प्राप्त होते हैं| उसका सिर, आँख और चेहरे पर गिरना अशुभ होता है|
3. मस्तक के दाहिने भाग पर गिरगिट गिरने से धन की प्राप्ति होती है|
4. कानों पर गिरने से कानों के आभूषण प्राप्त होते हैं|
5. हाथों पर गिरगिट गिरने से पशुओं की हानि होती है|
6. पेट पर गिरने से निकट सम्बन्धियों का मिलन होता है|
7. नितम्बों पर गिरने से व्यापार में लाभ और धन की प्राप्ति होती है|
8. जंघाओं पर गिरने से रोगों से कष्ट होता है|
9. शरीर के बायें भाग पर गिरने से धन की हानि होती है|
10. पैर पर गिरने से व्यापार में लाभ होता है|
11. गिरगिट का शरीर के ऊपर की ओर चढ़ना शुभ होता है और नीचे उतरना अशुभ होता है|•

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *